लखनऊ, 16 फरवरी 2026:
उत्तर प्रदेश विधान परिषद में सोमवार को बजट भाषण के दौरान योगी आदित्यनाथ ने शिक्षामित्रों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की। इस ऐलान के बाद प्रदेश भर के शिक्षामित्रों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के प्रदेश महामंत्री सुशील यादव ने मुख्यमंत्री के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों से मानदेय बढ़ोतरी की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षामित्रों को इस घोषणा से बड़ी राहत और संजीवनी मिली है।
उन्होंने बताया कि कम मानदेय के कारण प्रदेश के शिक्षामित्र आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। अपने बच्चों की पढ़ाई, माता-पिता के इलाज और परिवार के दैनिक खर्चों का वहन करना उनके लिए बेहद कठिन हो गया था। आर्थिक दबाव के चलते कई शिक्षामित्र मानसिक तनाव का सामना कर रहे थे।
सुशील यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री की इस घोषणा से शिक्षामित्रों में नई आशा और विश्वास जगा है। मानदेय बढ़ने से उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और वे बेहतर मनोबल के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे।
उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बेसिक शिक्षा मंत्री तथा शिक्षामित्रों की मांगों को लगातार उठाने वाले एमएलसी श्रीचंद शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।
लखनऊ
0 Comments