Breaking News

निरंतर प्रयास ही सच्ची जीत — 39वीं मंडलीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

 


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 16 फरवरी 2026:

शाहजहांपुर के स्वर्ण जयंती स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय 39वीं मंडलीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं योग प्रदर्शन ने सभी का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रतियोगिता में निरंतर प्रयास करने वाले ही सच्चे विजेता बनते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि इस प्रतियोगिता की मेजबानी करना जनपद के लिए गौरव की बात है और सभी का दायित्व है कि बाहर से आए प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने शिक्षकों से विशेष रूप से बालिकाओं को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर एवं मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। स्काउट बैंड की मधुर धुनों के साथ अतिथियों का स्वागत किया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, योग एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।

प्रथम दिवस जिलाधिकारी द्वारा प्राथमिक स्तर बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

आयोजक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता ने जानकारी दी कि बरेली मंडल के पीलीभीत, बरेली, बदायूं एवं शाहजहांपुर से लगभग एक हजार छात्र-छात्राएं प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु शिक्षक एवं व्यायाम शिक्षक पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटे रहे।

प्रतियोगिता का संचालन प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री देवेश बाजपेई द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए शिक्षा अधिकारियों, शिक्षकों एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।

प्रथम दिवस में विभिन्न आयु वर्गों में 50, 100 एवं 200 मीटर दौड़ सहित लंबी कूद, कुश्ती, वालीबाल, खो-खो, हैंडबॉल, क्रिकेट एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं।

Post a Comment

0 Comments