शाहजहाँपुर, 05 अप्रैल 2026।
उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों विकास की एक नई तस्वीर उभर रही है, जो न केवल गाँवों की सूरत बदल रही है, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। राज्य सरकार की दूरदर्शी गोबरधन योजना के माध्यम से ग्राम पंचायतें स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक सशक्तिकरण का एक सशक्त मॉडल प्रस्तुत कर रही हैं।
यह योजना “कचरे से कंचन” (वेस्ट टू वेल्थ) की अवधारणा को साकार करती है, जिसके अंतर्गत पशुओं के गोबर एवं जैविक कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन के माध्यम से स्वच्छता सुनिश्चित करने के साथ-साथ बायोगैस और जैविक खाद का उत्पादन किया जा रहा है। इससे न केवल गाँवों का वातावरण स्वच्छ हो रहा है, बल्कि पंचायतों के लिए आय के स्थायी स्रोत भी विकसित हो रहे हैं।
आर्थिक उपलब्धियां और बढ़ती आय
फरवरी 2026 तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश की ग्राम पंचायतों ने जैविक खाद एवं बायोगैस उत्पादों की बिक्री से 28 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित की है। इससे पंचायतों की स्वयं की आय (OSR - Own Source Revenue) में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे वे विकास कार्यों के लिए सरकारी अनुदान पर निर्भरता कम कर रही हैं।
इस दिशा में बुंदेलखंड का ललितपुर जिला अग्रणी है, जहाँ पंचायतों ने 3,37,990 रुपये की आय अर्जित की है। वहीं श्रावस्ती (2,87,036 रुपये) और रामपुर (1,23,400 रुपये) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
तकनीकी विस्तार और रोजगार के अवसर
पंचायती राज विभाग द्वारा प्रदेश के 74 जनपदों में अब तक 116 बायोगैस संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इनमें से कई संयंत्र सरकारी गौशालाओं में स्थापित हैं, जहाँ गोबर और रसोई कचरे को “एनेरोबिक डाइजेशन” प्रक्रिया के माध्यम से बायोगैस में परिवर्तित किया जा रहा है।
इस हरित ऊर्जा का उपयोग अब ग्रामीण उद्योगों में भी होने लगा है। रामपुर में बायोगैस से तेल पिराई मशीनें चलाई जा रही हैं, जबकि आगरा, बुलंदशहर, बांदा, सोनभद्र और हरदोई में बायोगैस आधारित आटा चक्कियाँ संचालित हो रही हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है।
पर्यावरण और कृषि में सकारात्मक प्रभाव
गोबरधन योजना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। बायोगैस संयंत्रों से निकलने वाली स्लरी से तैयार जैविक खाद किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही है। इसके उपयोग से मिट्टी की उर्वरता बढ़ रही है और रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम हो रही है, जिससे किसान विषमुक्त खेती की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
साथ ही, खुले में गोबर फेंकने से होने वाली गंदगी और बीमारियों पर भी नियंत्रण हो रहा है तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी आ रही है।
आत्मनिर्भर ग्रामों की ओर मजबूत कदम
उत्तर प्रदेश सरकार की यह पहल केवल स्वच्छता अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि गाँवों को आत्मनिर्भर आर्थिक इकाइयों के रूप में विकसित करने का एक व्यापक रोडमैप है। जब ग्राम पंचायतें अपने संसाधनों का उपयोग कर ऊर्जा और खाद का उत्पादन करती हैं, तो वे महात्मा गांधी के ‘ग्राम स्वराज’ और प्रधानमंत्री के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के सपनों को साकार करती हैं।
गोबरधन योजना आज उत्तर प्रदेश के गाँवों में स्वच्छता, संसाधन प्रबंधन और सामुदायिक समृद्धि का एक सशक्त उदाहरण बन चुकी है, जो भविष्य में ग्रामीण विकास की नई दिशा तय करेगी।
शाहजहॉपुर
0 Comments