स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 14 जून 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में "सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान" थीम पर सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन गन्ना शोध परिषद, शाहजहांपुर में किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना मुख्य अतिथि तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर सांसद अरुण कुमार सागर, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया, महापौर अर्चना वर्मा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी स्वरोजगार योजना, समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजनाओं, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत लखपति दीदी सम्मान, स्वयं सहायता समूहों को सीसीएल स्वीकृति पत्र सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्ग के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत देश में 11 करोड़ तथा उत्तर प्रदेश में 1.86 करोड़ परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत देश में 5.67 करोड़ तथा प्रदेश में 62 लाख से अधिक लोगों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, मुद्रा योजना, किसान सम्मान निधि, मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसी योजनाओं ने देश के किसानों एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और लोगों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार हुआ है।
विशिष्ट अतिथि नरेंद्र कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में केंद्र एवं प्रदेश सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि विकास और विरासत को साथ लेकर चलने की नीति ने देश को नई पहचान दी है।
सांसद अरुण कुमार सागर, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया तथा महापौर अर्चना वर्मा ने भी केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन इंदु अजनबी ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अरविंद कुमार, परियोजना निदेशक अवधेशराम, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित अनेक अधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments