Breaking News

विश्व रक्तदाता दिवस पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी शाहजहांपुर सम्मानित

 


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 14 जून 2026। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के रक्तकोष विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी शाहजहांपुर को रक्तदान जागरूकता एवं मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने ग्रहण किया।

इस अवसर पर डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि जिस प्रकार परिवार अपने भविष्य की सुरक्षा के लिए बैंक में धन संचय करता है, उसी प्रकार प्रत्येक व्यक्ति को रक्तदान के महत्व को समझते हुए नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद को जीवनदान देना मानवता की सबसे बड़ी सेवा है।

उन्होंने समाज के धर्मगुरुओं, मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से रक्तदान जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई धर्म, जाति या वर्ग नहीं होता, यह केवल मानव जीवन बचाने का माध्यम है।

डॉ. जौहरी ने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालय द्वारा प्रदान किया गया यह सम्मान रेड क्रॉस परिवार के लिए प्रेरणास्रोत है और भविष्य में संस्था और अधिक उत्साह के साथ रक्तदान एवं जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कार्यक्रम आयोजकों एवं उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस की पहल पर विश्व का पहला ब्लड बैंक 15 मार्च 1937 को अमेरिका के शिकागो स्थित कुक काउंटी अस्पताल में स्थापित किया गया था। आज रेड क्रॉस सहित अनेक संस्थाएं रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने तथा जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं।

डॉ. विजय जौहरी ने जानकारी दी कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी शाहजहांपुर द्वारा मोहल्ला खलील शर्की स्थित जली कोठी के सामने अपनी संपत्ति पर ब्लड बैंक की स्थापना के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है और आवश्यक कार्यवाही प्रचलन में है। उन्होंने विश्वास जताया कि ब्लड बैंक की स्थापना से जिले के मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध हो सकेगा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अनेक लोगों का जीवन बचाया जा सकेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने का आह्वान किया। इस अवसर पर स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments