Breaking News

नगर पालिका परिषद बलरामपुर का 155वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। आदर्श नगर पालिका परिषद, बलरामपुर का 155वां स्थापना दिवस एम.एल.के. पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। समारोह में साहित्य, संस्कृति, सामाजिक सरोकार, प्रतिभा सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा जयेंद्र प्रताप सिंह एवं मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर नगर के विकास, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का संकल्प दोहराया गया।

समारोह के प्रथम सत्र में सामाजिक, धार्मिक, शैक्षिक एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों तथा विभिन्न प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

द्वितीय सत्र में देवीपाटन पीठाधीश्वर महंत मिथिलेश नाथ योगी महाराज, विधायक पल्टूराम, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया। अतिथियों ने नगर पालिका परिषद द्वारा साहित्य, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में नगर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, लोकसंस्कृति और सामाजिक जागरूकता पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

सायंकाल आयोजित संगीत संध्या में आमंत्रित कलाकारों एवं स्थानीय प्रतिभाओं ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देशभर से आए कवियों एवं शायरों ने अपनी रचनाओं से देर रात तक श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।

समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों, कलाकारों एवं बड़ी संख्या में नगरवासियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के अंत में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह 'धीरू' ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा नई पीढ़ी को साहित्य, संगीत और कला से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन भविष्य में भी निरंतर किए जाते रहेंगे।

Post a Comment

0 Comments