Breaking News

निगोहां पुलिस ने 24 घंटे में खोला चोरी का राज, दो शातिर चोर गिरफ्तार

ब्यूरो रिपोर्ट आदित्य यादव लखनऊ ✍️

लखनऊ। निगोहां थाना पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब 90 प्रतिशत सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार पीड़ित परिवार देवा शरीफ गया हुआ था। इसी दौरान सूने पड़े मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने मकान की दीवार फांदकर प्रवेश किया और बक्से का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।

घटना की सूचना मिलते ही निगोहां पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर दो आरोपियों फरीद और शानू को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान महुवारी बाग में छिपाकर रखा हुआ बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी चोरी किए गए जेवरात बेचने की फिराक में घूम रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

बरामद सामान में बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि चोरी गए सामान का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा बरामद कर लिया गया है।

निगोहां पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस अन्य संभावित आपराधिक घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments