Breaking News

परिवार परामर्श केंद्र में 25 मामलों की सुनवाई, दो बिछड़े दंपतियों का हुआ समझौता

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में शनिवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों के समाधान हेतु परामर्श सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 25 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई, जिनमें से दो दंपतियों के बीच आपसी सहमति से समझौता कराकर उन्हें सकुशल विदा किया गया।

पहला मामला थाना सिंधौली क्षेत्र का था, जहां लगभग दो वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। घरेलू विवाद और मारपीट के चलते पत्नी मायके चली गई थी। परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई गई। समझाइश के बाद दोनों ने साथ रहने पर सहमति जताई और समझौता हो गया।

दूसरा मामला थाना सदर बाजार क्षेत्र का था। करीब 11 वर्ष पूर्व विवाह हुए इस दंपति में घरेलू विवाद के कारण पत्नी पिछले दो माह से मायके में रह रही थी। दोनों पक्षों की बात सुनने और परामर्श देने के बाद आपसी मतभेद दूर हुए तथा दोनों ने साथ रहने का निर्णय लिया। इसके बाद दंपति को परिवार परामर्श केंद्र से विदा किया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र महिला उपनिरीक्षक मधु यादव, महिला आरक्षी मोनिका कुमारी, नेहा चौहान, शीतल चौहान एवं रश्मि चौधरी सहित अन्य महिला पुलिसकर्मी उपस्थित रहीं। परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य पारिवारिक विवादों को आपसी संवाद एवं समझौते के माध्यम से सुलझाकर परिवारों को टूटने से बचाना है।

Post a Comment

0 Comments