स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए), जिला प्रशासन, मंडी प्रशासन एवं शाहजहाँपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठित 'राजधानी' ब्रांड के नाम पर नकली बेसन एवं दाल तैयार कर बाजार में बेचने वाली इकाई का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान करीब ₹32.87 लाख मूल्य का माल सीज किया गया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी नगर, एफएसडीए, मंडी प्रशासन तथा थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मोहल्ला जियाखेल स्थित मै० आरव उद्योग पर छापेमारी की। शिकायत राजधानी फ्लोर मिल्स लिमिटेड, दिल्ली के अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा दर्ज कराई गई थी।
जांच में सामने आया कि प्रतिष्ठित 'राजधानी' ब्रांड के नाम और पैकेजिंग का दुरुपयोग कर नकली बेसन एवं दाल तैयार कर उन्हें असली उत्पाद बताकर बाजार में बेचा जा रहा था। इससे उपभोक्ताओं की सेहत के साथ खिलवाड़ होने के साथ कंपनी की साख को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा था।
एफएसडीए की टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 सहित अन्य संबंधित कानूनों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 215/2026 के तहत ट्रेडमार्क अधिनियम 1999 की धारा 103/104 तथा बीएनएस की धारा 346, 347 एवं 348 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
नामजद अभियुक्त के रूप में मै० आरव उद्योग की संचालिका अनुराधा अग्रवाल, पत्नी विकास अग्रवाल, निवासी मोहल्ला जियाखेल, शाहजहाँपुर को नामित किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है और दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments