Breaking News

41 वर्ष पुराने हत्या के प्रयास मामले में हाईकोर्ट से उद्घोषित वारंटी गिरफ्तार

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 19 जून 2026। थाना कोतवाली पुलिस ने माननीय उच्च न्यायालय प्रयागराज द्वारा उद्घोषित एक वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी था।

पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशानुसार चलाए जा रहे वारंटी एवं उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि माननीय उच्च न्यायालय द्वारा उद्घोषित वारंटी काशीनाथ पुत्र रामेश्वर दयाल वर्तमान में मोहल्ला हुसैनपुरा स्थित अर्जुन पहलवान की डेयरी के निकट मौजूद है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार वारंटी काशीनाथ (71 वर्ष) निवासी मोहल्ला हुण्डालखेल, थाना कोतवाली, जनपद शाहजहाँपुर है। वह वर्ष 1984 में दर्ज मुकदमा संख्या 394/1984 में वांछित था। उसके विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 450, 452 एवं 307 के तहत मामला दर्ज था तथा संबंधित वाद संख्या 244/1985 न्यायालय में विचाराधीन रही।

पुलिस के अनुसार आरोपी काफी समय से फरार था और न्यायालय द्वारा उद्घोषित किए जाने के बाद उसकी तलाश की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक भूपेन्द्र राणा, मुख्य आरक्षी सत्यप्रकाश एवं आरक्षी श्रीकांत यादव शामिल रहे।

जनपद पुलिस द्वारा फरार एवं उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments