स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 20 जून 2026। राज्य स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत नगर निगम शाहजहाँपुर के नवीन जोनल कार्यालय भवन का लोकार्पण उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना एवं महापौर अर्चना वर्मा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया, लोकसभा सांसद अरुण कुमार सागर, पार्षद विजयलक्ष्मी, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि लगभग 7.31 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह चार मंजिला भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। भवन में बेसमेंट पार्किंग, कैफेटेरिया, जोनल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यालय कक्ष, शिकायत निस्तारण केंद्र, रिकॉर्ड रूम तथा अन्य प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
महापौर अर्चना वर्मा ने कहा कि नगर निगम की स्थापना एवं शाहजहाँपुर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके प्रयासों से शहर में अनेक विकास परियोजनाएं धरातल पर उतर रही हैं।
अपने संबोधन में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि यह जोनल कार्यालय नागरिकों के लिए एक जनसेवा केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जहां विभिन्न नगर निगम सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम बनने के बाद शाहजहाँपुर के विकास को नई गति मिली है और स्मार्ट सिटी योजना के तहत आधारभूत सुविधाओं के विकास पर लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शहरी विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सीवर लाइन एवं अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से शहर को आधुनिक स्वरूप प्रदान किया जा रहा है।
मा. मंत्री ने पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में जनसमस्याओं के समाधान, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छता को जनआंदोलन बताते हुए नागरिकों से भी इसमें सहभागी बनने की अपील की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments