Breaking News

सीतापुर रोड पर डीसीएम की टक्कर से ई-रिक्शा पलटा, आठ लोग घायल

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 18 जून 2026। सीतापुर रोड स्थित टेढ़ी पुलिया चौकी क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक अज्ञात डीसीएम वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया, जिससे उसमें सवार आठ लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

पुलिस के अनुसार, रात्रि करीब 10:30 बजे पीआरबी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि टेढ़ी पुलिया चौकी के अंतर्गत गुर्री के पास एक अज्ञात डीसीएम ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी है। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे में अनुराग (11 वर्ष), अंश (2 वर्ष), पम्मी (डेढ़ वर्ष), सूरज (35 वर्ष), पम्पी (26 वर्ष), मेगावती (65 वर्ष), बब्ली (28 वर्ष) तथा कृष्णा (4 वर्ष) घायल हो गए। सभी घायल लखीमपुर खीरी जनपद के उचौलिया थाना क्षेत्र स्थित नई बस्ती के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी लोग थाना रोजा क्षेत्र के ग्राम कटिया कंबू में अपने रिश्तेदारों के यहां आए हुए थे और कार्यक्रम से वापस ई-रिक्शा द्वारा अपने घर उचौलिया लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।

पुलिस अज्ञात डीसीएम वाहन की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments