Breaking News

हरदोई रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा, युवक की मौके पर मौत; परिजनों ने लगाया जाम

 

ब्यूरो रिपोर्ट आदित्य यादव लखनऊ ✍️

लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र में हरदोई रोड पर शनिवार रात एक तेज रफ्तार थार वाहन की टक्कर से 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 जून 2026 को रात्रि लगभग 8:50 बजे ग्राम मंडौली निवासी हिमालय राज (26 वर्ष) पुत्र शिवमंगल प्रसाद हरदोई रोड स्थित गोलाकुआँ गांव के सामने सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान मलिहाबाद की ओर से आ रही काले रंग की तेज रफ्तार थार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि हिमालय राज की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद थार चालक वाहन लेकर दुबग्गा की ओर फरार हो गया। घटना की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को देकर वाहन की तलाश के लिए चेकिंग अभियान शुरू कराया गया।

युवक की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक काकोरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए थाना दुबग्गा, पारा पुलिस एवं दो प्लाटून पीएसी को भी बुलाया गया।

सहायक पुलिस आयुक्त काकोरी ने मौके पर पहुंचकर परिजनों एवं ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और यातायात को सुचारू कराया गया।

पुलिस ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार थार चालक की तलाश की जा रही है तथा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments