Breaking News

झपट्टा मारकर चोरी की घटना का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। थाना निगोही पुलिस ने महिला के कान से झुमका झपटकर फरार होने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का सफल अनावरण किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया झुमका, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस एवं मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 21 जून 2026 को एक महिला के कान से झुमका झपटकर भागने की घटना के संबंध में थाना निगोही पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई। विवेचना एवं साक्ष्य संकलन के आधार पर पुलिस ने चाँद पुत्र नसीर तथा महमूद पुत्र शहबाबू निवासी रामपुर ताहरपुर थाना सिंधौली को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने निगोही-शाहजहाँपुर मार्ग पर एक महिला को अकेला देखकर रास्ता पूछने के बहाने बातचीत की और मौका पाकर उसके कान का झुमका झपट लिया था। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पीली धातु का झुमका, एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना निगोही पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments