Breaking News

मोटरसाइकिल चोरी का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

रोजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की घटना का सफल अनावरण

शाहजहाँपुर, 21 जून 2026। थाना रोजा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत की गई।

जानकारी के अनुसार, 17 जून 2026 को थाना रोजा में आनंद पुत्र रामसरन निवासी ग्राम चकभिटारा द्वारा तहरीर देकर बताया गया था कि उनकी मोटरसाइकिल 21 नवंबर 2025 को अटसलिया ओवरब्रिज के पास स्थित परी नमकीन के सामने से चोरी हो गई थी। मामले में थाना रोजा पर मुकदमा संख्या 276/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।

विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना रोजा पुलिस टीम ने ग्राम दिउरिया के पास से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में मोईन पुत्र बिन्दे हसन, आशीष उर्फ मिथुन पुत्र रामपाल निवासी ग्राम दिउरिया थाना रोजा तथा रिजवान पुत्र साबिर निवासी नई बस्ती थाना रामचन्द्र मिशन शामिल हैं।

पुलिस ने अभियुक्तों को रविवार को सुबह लगभग 11:15 बजे गिरफ्तार किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

इस सफलता में थाना प्रभारी उमेश कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक शिवम अग्रवाल, कांस्टेबल नितिन कुमार, अरुण कुमार, तथा रिक्रूट आरक्षी विनय कुमार एवं नितिन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाती रहेगी।

Post a Comment

0 Comments