स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 22 जून 2026। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), शाहजहाँपुर द्वारा सचिव महोदया श्रीमती अपेक्षा सिंह के संरक्षण एवं निर्देशन में 17 जून से 30 जून तक संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत पंचम दिवस पर विद्यार्थियों ने डीएलएसए एवं एडीआर भवन का भ्रमण कर न्यायिक एवं विधिक प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को माननीय श्री श्रवण कुमार तिवारी, विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम) द्वारा न्यायालय की कार्यप्रणाली एवं वादों के निस्तारण की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों को न्यायिक व्यवस्था की मूलभूत संरचना एवं न्यायालयीन कार्यों के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।
इसके उपरांत माननीय श्री अबुल कैश, अध्यक्ष, स्थायी लोक अदालत ने स्थायी लोक अदालत की भूमिका, कार्यप्रणाली तथा आमजन को सुलभ, त्वरित एवं प्रभावी न्याय उपलब्ध कराने में इसकी महत्ता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान श्री दिनेश कुमार मिश्रा (चीफ, एलएडीसीएस) एवं श्री विवेक कुमार मिश्रा (असिस्टेंट, एलएडीसीएस) ने विद्यार्थियों को विधिक सहायता रक्षा परामर्श प्रणाली (LADCS) तथा निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित विभिन्न प्रावधानों की जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को न्याय दिलाने में यह व्यवस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मध्यस्थता केंद्र के भ्रमण के दौरान श्री शेष कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों को मध्यस्थता प्रक्रिया, उसके लाभ तथा विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान में उसकी उपयोगिता के विषय में जानकारी दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन श्री दिनेश कुमार मिश्रा एवं श्री विवेक कुमार मिश्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कुल 36 विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए न्यायिक एवं विधिक प्रक्रियाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
महाविद्यालय स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वयन इंटर्नशिप समन्वयक श्री प्रदीप कुमार सिंह द्वारा किया जा रहा है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments