स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 20 जून 2026। जनपद के नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव, सचिवालय प्रशासन, उत्तर प्रदेश पुनर्गठन समन्वय एवं भाषा विभाग श्री मनीष चौहान की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर विभिन्न विभागों की प्रगति एवं रैंकिंग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद ने अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों में ग्रेड ‘ए’ प्राप्त करते हुए प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। शाहजहाँपुर को विकास कार्यों में प्रदेश में द्वितीय स्थान तथा राजस्व कार्यों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि पीएम सूर्योदय घर योजना, सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, एमआईडीएच, माइक्रो इरिगेशन, विद्युत आपूर्ति, खराब ट्रांसफार्मर शिकायतों का निस्तारण, विद्युत बिल सुधार, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास ग्रामीण, पीएम कुसुम योजना एवं मनरेगा जैसी योजनाओं में जनपद का प्रदर्शन ग्रेड ‘ए’ श्रेणी में रहा है।
मनरेगा के अंतर्गत लंबित पुरानी इन्वेंट्री भुगतान की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि सभी लंबित भुगतान 30 जून तक पूर्ण कर लिए जाएंगे। वहीं माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रोजेक्ट अलंकार, कन्या विवाह सहायता योजना, भवन मानचित्र स्वीकृति तथा लोक निर्माण विभाग के कार्यों में भी उत्कृष्ट उपलब्धियां दर्ज की गई हैं। समीक्षा में यह भी बताया गया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा दो महत्वपूर्ण सेतु निर्माण कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में 102 एवं 108 एम्बुलेंस सेवा, टेली रेडियोलॉजी, मोबाइल मेडिकल यूनिट एवं सीटी स्कैन सेवाओं में भी जनपद को ग्रेड ‘ए’ प्राप्त हुआ है। दुग्ध विकास, दुग्ध मूल्य भुगतान, दिव्यांग पेंशन, आधार सीडिंग, फैमिली आईडी, पंचायती राज विभाग, पर्यटन, पर्यावरण तथा ऑपरेशन कायाकल्प कार्यक्रमों में भी जनपद का प्रदर्शन सराहनीय रहा है।
पशुधन विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्तमान में जनपद में 33,340 निराश्रित गोवंशों का संरक्षण विभिन्न गोआश्रय स्थलों के माध्यम से किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं तथा खाद्य एवं रसद विभाग के कार्यों में भी जनपद ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूर्ण अंक प्राप्त किए हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रमुख सचिव मनीष चौहान ने कहा कि अधिकांश योजनाओं में जनपद की प्रगति संतोषजनक एवं सराहनीय है। उन्होंने कहा कि जहां बजट की आवश्यकता होगी, वहां शासन स्तर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा ताकि विकास कार्यों की गति प्रभावित न हो।
उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी एवं कर्मचारी के कार्य का वास्तविक मूल्यांकन जनता की संतुष्टि से होता है। यदि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल रहा है और वे प्रशासनिक सेवाओं से संतुष्ट हैं, तो यही सुशासन की सबसे बड़ी पहचान है। अधिकारियों को निर्धारित मानकों से आगे बढ़कर जनहित में कार्य करना चाहिए।
जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद की उत्कृष्ट रैंकिंग को बनाए रखने के लिए योजनाओं का प्रभावी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की प्राथमिकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments