ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर, 20 जून। जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक विकास कुमार की अध्यक्षता में तहसील उतरौला में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने जनसामान्य की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों का संज्ञान लिया तथा कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। शेष शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने भूमि विवादों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर स्थायी समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने अधिक भूमि विवाद वाले गांवों में विशेष चौपाल आयोजित कर समस्याओं के निराकरण पर भी बल दिया।
समाधान दिवस के अवसर पर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। ग्राम रमवापुर कला के पांच लाभार्थियों को घरौनी वितरित की गई। वहीं ग्राम बंजरिया एवं टेढ़वा चुहचुहिया के पांच लाभार्थियों को असंक्रमणीय भूमि से संक्रमणीय भूमि का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त ग्राम शाहपुर इटई एवं मुजहनी के पांच लाभार्थियों को आवासीय भूमि के पट्टे आवंटित किए गए।
कृषक दुर्घटना सहायता योजना के अंतर्गत एक पात्र परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी प्रदान किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा कुपोषित बच्चों के परिजनों को पोषण पोटली वितरित कर उन्हें बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी उतरौला, क्षेत्राधिकारी उतरौला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी, जिला विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments