Breaking News

पुलिस अधीक्षक ने थाना कोतवाली का किया आकस्मिक निरीक्षण, कानून-व्यवस्था एवं पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित ने सोमवार को थाना कोतवाली का आकस्मिक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्यप्रणाली एवं अभिलेखों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, निर्माणाधीन बैरक, भोजनालय, पेयजल व्यवस्था, मालखाना, शस्त्रागार एवं बंदीगृह का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, शस्त्रों एवं मालों के सुरक्षित रख-रखाव तथा बंदियों की सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान थाने में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट प्रशिक्षुओं से संवाद करते हुए उनकी प्रशिक्षण प्रक्रिया की जानकारी ली तथा उन्हें थाना कार्यप्रणाली, विवेचना, जनसुनवाई एवं व्यवहारिक पुलिसिंग से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया।

पुलिस अधीक्षक ने अपराध रजिस्टर, सामान्य डायरी (जीडी), आगंतुक रजिस्टर, बीट बुक, हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर, टॉप-10 अपराधियों की सूची, गुंडा एक्ट एवं गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई, वारंट एवं समनों की तामील तथा लंबित विवेचनाओं का भी गहन निरीक्षण किया। साथ ही महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति कक्ष एवं सीसीटीएनएस कक्ष की समीक्षा कर महिलाओं से संबंधित शिकायतों का त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, रात्रि गश्त, बैंक एवं संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था तथा बीट पुलिसिंग की समीक्षा करते हुए बीट प्रभारियों को नियमित भ्रमण, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने और स्थानीय नागरिकों से बेहतर समन्वय स्थापित कर सूचना तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने समस्त पुलिस कर्मियों को अनुशासन, समयपालन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने, आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने तथा फरियादियों की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Post a Comment

0 Comments