Breaking News

प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की भी समीक्षा

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। जनपद भ्रमण पर पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने संयुक्त जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों एवं तीमारदारों से संवाद कर अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने दवा पर्चा काउंटर, वार्ड, अल्ट्रासाउंड कक्ष, सीटी स्कैन कक्ष, एनएससीयू, डायलिसिस यूनिट एवं दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके बाद प्रभारी मंत्री विकास खंड बलरामपुर की ग्राम पंचायत कलवारी पहुंचे, जहां उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवालय, आंगनबाड़ी केंद्र एवं कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा पोषण पोटली वितरित कर कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण पर बल दिया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण स्तर पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

कंपोजिट विद्यालय में उन्होंने विद्यार्थियों से सवाल पूछकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया तथा नए नामांकन की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री भी वितरित की गई।

बाद में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने जल जीवन मिशन (ग्रामीण) की परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने, पात्र लाभार्थियों को पेंशन योजनाओं का समयबद्ध लाभ दिलाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन 18 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय से कम बिजली आपूर्ति किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभान्वित करने तथा जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति द्वारा कवच परियोजना के अंतर्गत रोजा संस्थान के सहयोग से 50 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं, जिससे बालिकाओं की शिक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर विधायक पल्टूराम, विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, विधायक राम प्रताप वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह 'धीरू' सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments