Breaking News

रोजा क्षेत्र में मोहर्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, सीओ सदर ने किया जुलूस मार्गों का निरीक्षण

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद पुलिस पूरी तरह सतर्क है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी सदर ने थाना रोजा क्षेत्र के ताजियों, जुलूस मार्गों, संवेदनशील स्थलों एवं प्रमुख चौराहों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर ने ताजिया जुलूस मार्गों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, लगातार गश्त करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर ने स्थानीय नागरिकों, ताजियादारों एवं आयोजन समितियों के पदाधिकारियों से संवाद कर आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने का अनुरोध किया।

जनपद शाहजहाँपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Post a Comment

0 Comments