Breaking News

मिर्जापुर ब्लॉक में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन, योजनाओं का लाभ लेने की अपील

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 16 जून 2026। केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकासखंड मिर्जापुर में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में किया गया।

जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए। उन्होंने आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, कन्या सुमंगला, आवास योजना एवं ओडीओपी जैसी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जनपद में सड़क, पुल एवं संपर्क मार्गों का तेजी से विकास हुआ है तथा गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ने वाले लिंक रोड का कार्य भी जल्द शुरू होगा। जिलाधिकारी ने स्वरोजगार, वृक्षारोपण और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि विकास में जनभागीदारी आवश्यक है।

ब्लॉक प्रमुख प्रियांशु रघुवंशी ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आवास, उज्ज्वला, किसान सम्मान निधि और निःशुल्क राशन जैसी योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव आया है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति के चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कलान अभिषेक प्रताप सिंह, खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र चंद्र पांडेय, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments