Breaking News

गर्रा नदी के राजघाट पर स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान आयोजित

 


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 14 जून 2026। जिला गंगा समिति शाहजहांपुर के अंतर्गत डीपीओ डॉ. विनय कुमार सक्सेना के निर्देशन तथा वर्क संस्था के नेतृत्वकर्ता रेहान कुरैशी के संयोजन में गर्रा नदी स्थित राजघाट पर स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नदी एवं घाटों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ आमजन को जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए घाट परिसर में श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया।

इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद के राजेश अवस्थी ने कहा कि धार्मिक मूर्तियों एवं पूजन सामग्री को नदियों में प्रवाहित करने के बजाय उनका सम्मानपूर्वक उचित स्थान पर विसर्जन अथवा धरती माता की गोद में समर्पण किया जाना चाहिए, जिससे नदियों को प्रदूषण से बचाया जा सके।

वरिष्ठ समाजसेवी राजू बग्गा ने कहा कि नदियों एवं घाटों का संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को भी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सकारात्मक भूमिका निभानी होगी।

लोक भारती के महानगर संयोजक आलोक मिश्रा ने स्वयं श्रमदान करते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा दूसरों को भी प्रेरित करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम संयोजक रेहान कुरैशी ने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को गंगा-जमुनी तहजीब एवं आपसी सौहार्द के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी।

गंगा प्रेमी हिमांशु सक्सेना ने कहा कि “जल ही जीवन है” और नदियां मीठे जल का प्रमुख स्रोत हैं। इन्हें प्रदूषण से बचाना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है।

कार्यक्रम में WORK NGO, नगर निगम शाहजहांपुर, विश्व हिन्दू परिषद, लोक भारती, गंगा समग्र तथा मानवता वेलफेयर सोसाइटी सहित विभिन्न संगठनों का विशेष सहयोग रहा। विभिन्न समुदायों के समाजसेवियों ने एक साथ श्रमदान कर सामाजिक एकता एवं पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायक संदेश दिया।

इस अवसर पर नितिन अग्रवाल, शिवम चौहान, उमैर, फैज़, रोहित, नवेद, शहज़ेब, अंकुर सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन "स्वच्छ नदी, सुरक्षित भविष्य" के संकल्प के साथ किया गया।

सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments