Breaking News

फायर सेफ्टी में भारी लापरवाही, शाहजहाँपुर के दो रेस्टोरेंट तत्काल बंद

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग संस्थान में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना के बाद शाहजहाँपुर प्रशासन ने अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच के लिए सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित दो प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी नगर, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तथा शाहजहाँपुर विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता ने ट्रीट रेस्टोरेंट और हंग्री प्वाइंट का निरीक्षण किया। जांच में दोनों संस्थान बेसमेंट में संचालित पाए गए तथा अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाओं और निर्धारित मानकों में गंभीर कमियां मिलीं।

जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने दोनों संस्थानों का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। साथ ही संचालकों को सभी सुरक्षा मानकों की पूर्ति, अग्निशमन विभाग से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने तथा सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में ऐसे सभी संस्थानों की जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments