Breaking News

प्राचीन झारखंडी सरोवर में स्थापित होगा दिव्य कलश, श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के प्रयासों से नगरवासियों एवं सनातन धर्मावलंबियों के लिए एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक अवसर सामने आया है। प्राचीन एवं ऐतिहासिक झारखंडी सरोवर के मध्य स्थापित किए जाने वाला दिव्य एवं पावन कलश नगर में पहुंच गया है, जिसके आगमन से श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

कलश के नगर आगमन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इसे धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक गौरव और सनातन परंपरा से जुड़ी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। आगामी दिनों में वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों और विधि-विधान के साथ सरोवर के मध्य इस दिव्य कलश की भव्य स्थापना की जाएगी।

कार्यक्रम में संत-महात्माओं, विद्वान आचार्यों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कलश स्थापना के बाद झारखंडी सरोवर की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता में और अधिक वृद्धि होगी।

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस ने कहा कि यह ऐतिहासिक कार्य नगरवासियों और श्रद्धालुओं के सहयोग, विश्वास एवं आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से इस पुण्य संकल्प को साकार रूप मिल पाया है।

उन्होंने बताया कि नगर पालिका परिषद का उद्देश्य केवल कलश स्थापना तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंडी सरोवर का व्यापक सौंदर्यीकरण और समग्र विकास भी किया जाएगा। सरोवर परिसर को धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से विकसित कर नगर की पहचान एवं श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा।

योजना के अंतर्गत परिसर में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, बैठने की सुविधाएं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विस्तार किया जाएगा। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यह पहल नगर की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देगी।

नगर पालिका परिषद ने सभी श्रद्धालुओं और नागरिकों से इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है, ताकि यह आयोजन नगर के गौरव, सनातन संस्कृति और जनआस्था का प्रतीक बन सके।

Post a Comment

0 Comments