Breaking News

मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में 1,728 मरीजों को मिला उपचार, सीएमओ ने किया निरीक्षण

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️

बलरामपुर, 26 जुलाई। जनपद बलरामपुर में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों के तहत सभी 35 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। मेलों में कुल 1,728 मरीजों ने उपचार एवं स्वास्थ्य परामर्श का लाभ उठाया।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, लाभार्थियों में 734 पुरुष, 691 महिलाएं एवं 303 बच्चे शामिल रहे। मेलों में मरीजों का पंजीकरण कर सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप एवं शुगर की जांच के साथ-साथ टीबी, कुष्ठ रोग, नेत्र एवं दंत रोगों की भी जांच की गई।

इसके अलावा गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व (एएनसी) जांच, परिवार नियोजन संबंधी परामर्श तथा बच्चों का नियमित टीकाकरण भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मरीजों को विभिन्न स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई।

मेले के दौरान आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, संचारी रोग नियंत्रण अभियान सहित अन्य सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही दवा वितरण काउंटरों के माध्यम से मरीजों को निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महुआ बाजार का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन का अवलोकन किया।

नोट: यह समाचार स्वास्थ्य विभाग, बलरामपुर द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments