ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️
बलरामपुर, 26 जुलाई। प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत रविवार को एमएलके पीजी कॉलेज, बलरामपुर के सभागार में कैशलेस कार्ड वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न राजकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों के शिक्षकों को स्वास्थ्य सुरक्षा के कैशलेस कार्ड वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक पल्टूराम, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी, माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के कुलसचिव परमानंद सिंह तथा एमएलके पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. जे.पी. पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
इस अवसर पर आगरा से आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया, जिसमें मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों ने योजना की विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की।
इसके उपरांत सदर विधायक पल्टूराम एवं जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने एमएलके पीजी कॉलेज सहित जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों के पात्र शिक्षकों को योजना के कैशलेस कार्ड वितरित किए।
सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ आर्थिक चिंता से भी राहत देगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे.पी. पाण्डेय ने कहा कि यह योजना शिक्षकों एवं उनके आश्रितों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं कल्याणकारी पहल है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक की कैशलेस उपचार सुविधा, ₹1.5 करोड़ तक का दुर्घटना बीमा कवर तथा स्वास्थ्य संबंधी आकस्मिक परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने योजना का स्वागत करते हुए इसे शिक्षकों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम का संचालन एसोसिएट एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट (डॉ.) देवेन्द्र कुमार चौहान ने किया।
इस अवसर पर प्रो. अरविंद द्विवेदी, प्रो. पी.के. सिंह, प्रो. मोहिउद्दीन अंसारी, प्रो. वीणा सिंह, प्रो. एस.पी. मिश्र, प्रो. तबस्सुम फरखी, प्रो. रेखा विश्वकर्मा, प्रो. राघवेंद्र, प्रो. विमल प्रकाश वर्मा, प्रो. अशोक कुमार, डॉ. चंदन पाण्डेय, डॉ. दिनेश कुमार मौर्य, डॉ. राजीव रंजन, डॉ. आलोक शुक्ल, डॉ. एस.के. त्रिपाठी सहित लगभग 200 शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नोट: यह समाचार जिला प्रशासन एवं आयोजन समिति द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments