Breaking News

22 वर्षों बाद शुरू हुई मदनापुर साधन सहकारी समिति, किसानों को खाद के लिए नहीं करना पड़ेगा इंतजार

 

ब्यूरो रिपोर्ट सुधीर सिंह कुम्भाणी, सीतापुर ✍️

सीतापुर, सकरन। विकास खंड सकरन के मदनापुर में वर्ष 2004 से बंद पड़ी साधन सहकारी समिति का पुनः संचालन शुरू कर दिया गया। समिति का शुभारंभ बिसवां विधायक निर्मल वर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों की लंबे समय से चली आ रही समस्या को देखते हुए समिति को दोबारा चालू कराया गया है, जिससे अब किसानों को खाद के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक निर्मल वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को समय पर और पारदर्शी तरीके से खाद उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा 'राम सीता' फार्मर आईडी के माध्यम से खाद वितरण की नई व्यवस्था लागू की गई है। वर्तमान में यह व्यवस्था पूरे प्रदेश में केवल रामपुर और सीतापुर जनपद में शुरू की गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र किसान को बिना किसी परेशानी के समय पर खाद उपलब्ध हो और वितरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे। मदनापुर साधन सहकारी समिति के पुनः संचालन से आसपास के गांवों के किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा तथा कृषि कार्यों में सुविधा होगी।

इस अवसर पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता संजीव तिवारी, एडीसीओ राजेन्द्र प्रसाद यादव, अपर जिला सहकारी अधिकारी अनिल कुमार राय, समिति अध्यक्ष सुनील कुमार 'बब्लू', सचिव राजकुमार, अमन द्विवेदी, देशराज द्विवेदी सहित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

नोट: यह समाचार कार्यक्रम के दौरान उपलब्ध कराई गई आधिकारिक जानकारी पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments