Breaking News

रामपुर कलां सहकारी समिति में खाद वितरण में अनियमितता के आरोप, किसानों ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

 

ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता, सीतापुर ✍️

सीतापुर, रामपुर कलां। तहसील सिधौली के रामपुर कलां सहकारी साधन समिति में खाद वितरण को लेकर किसानों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि समिति में खाद वितरण के दौरान पारदर्शिता नहीं बरती जा रही, जिससे जरूरतमंद किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पा रही है।

किसानों के अनुसार, खाद आने की सूचना मिलने पर वे सुबह से ही समिति परिसर में लंबी लाइन लगाकर खड़े रहते हैं, लेकिन वितरण के समय कथित रूप से मनमाने ढंग से कुछ लोगों को प्राथमिकता दी जाती है। उनका आरोप है कि लाइन में लगे किसानों को खाद नहीं दी जाती, जबकि कुछ परिचितों एवं चहेते लोगों को पहले खाद उपलब्ध करा दी जाती है।

कुछ किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि समिति के अध्यक्ष एवं सचिव द्वारा कथित रूप से अपने आवास से लोगों से धन लेकर खाद उपलब्ध कराई जाती है, जबकि समिति परिसर में घंटों इंतजार करने के बावजूद कई किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ता है। किसानों का यह भी आरोप है कि खाद की बोरियां ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य वाहनों के माध्यम से बाहर भेजी जाती हैं, जिससे स्थानीय किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पाती।

खाद की कमी से परेशान किसानों का कहना है कि उन्हें मजबूरी में खुले बाजार से अधिक कीमत पर, लगभग ₹500 प्रति बोरी तक खाद खरीदनी पड़ रही है। उनका कहना है कि धान एवं गन्ने की फसल के लिए इस समय खाद अत्यंत आवश्यक है और समय पर उपलब्ध न होने से उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।

किसानों ने जिला प्रशासन एवं सहकारिता विभाग के उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा टोकन प्रणाली के माध्यम से पारदर्शी एवं निष्पक्ष खाद वितरण सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि सभी पात्र किसानों को समान रूप से खाद उपलब्ध हो सके।

समाचार लिखे जाने तक सहकारी समिति के अध्यक्ष, सचिव अथवा संबंधित विभाग का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments