Breaking News

बाल अपचारी से चोरी के ₹50 हजार नकद, जेवरात व कपड़े बरामद, चोरी का सामान खरीदने वाला दुकानदार भी गिरफ्तार

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️

बलरामपुर, 26 जुलाई। थाना कोतवाली गैसड़ी पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक 16 वर्षीय बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए ₹50,000 नकद, जेवरात एवं कपड़े बरामद किए हैं। मामले में चोरी के जेवरात खरीदने के आरोप में एक दुकानदार को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को ग्राम पिपरी जिगनिहवा, थाना कोतवाली गैसड़ी निवासी धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने सूचना दी थी कि दिन के समय उनकी बहू के कमरे में अज्ञात व्यक्ति ने प्रवेश कर ₹50,000 नकद, कपड़े एवं जेवरात चोरी कर लिए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तथा वादी की तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 44/2026 के तहत धारा 305(ए)/331(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय एवं क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी दुर्विजय के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान विवेचना में प्रकाश में आए 16 वर्षीय बाल अपचारी तथा चोरी के जेवरात खरीदने के आरोपी भरतलाल गुप्ता को विस्कोहर रोड, कस्बा गैसड़ी स्थित दुकान से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, दोनों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बाल अपचारी के मामले में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई की जा रही है।

नोट: यह समाचार बलरामपुर पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट पर आधारित है। आरोप एवं बरामदगी का विवरण पुलिस के अनुसार है। मामले में अंतिम निर्णय माननीय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments