Breaking News

कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि, 527 दीप प्रज्ज्वलित कर वीर जवानों के बलिदान को किया नमन

 

ब्यूरो रिपोर्ट आनंद कुमार, लखनऊ ✍️

लखनऊ, 26 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर लखनऊ कैंटोनमेंट स्थित स्मृतिका वाटिका में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह एवं लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने शहीदों के चित्र एवं स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 527 दीपों का सामूहिक प्रज्ज्वलन रहा। दीपों की रोशनी से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। उपस्थित लोगों ने "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" के उद्घोष के साथ शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

इस अवसर पर डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का शौर्य और बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता तथा नई पीढ़ी को उनके आदर्शों और वीरगाथाओं से प्रेरणा लेनी चाहिए।

लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल सैन्य विजय का प्रतीक नहीं, बल्कि भारत की अदम्य राष्ट्रशक्ति, सैनिकों के साहस और देशवासियों की एकजुटता का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव, डॉ. नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, पवन सिंह चौहान, वीरेंद्र सिंह, विवेक सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

नोट: यह समाचार कार्यक्रम आयोजकों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments