Breaking News

आधी रात घर के बेडरूम में निकला अजगर, परिवार ने रेस्क्यू में देरी का लगाया आरोप

ब्यूरो रिपोर्ट ज़हीन खान, लखनऊ ✍️

लखनऊ, 25 जुलाई। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र की आम्रपाली चौकी अंतर्गत पुराना तोपखाना, गौशाला रोड गेट नंबर-4 स्थित एक मकान में शनिवार तड़के बेडरूम में लगभग 6 से 7 फीट लंबा अजगर निकल आने से परिवार में दहशत फैल गई। घटना के बाद परिवार ने पुलिस और वन विभाग से मदद मांगी, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिलने का आरोप लगाया है।

परिवार के सदस्य सर्वेश अवस्थी के अनुसार, रात करीब 1 बजे बेडरूम में अजगर दिखाई देने पर उन्होंने डायल-112 सहित संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। उनका आरोप है कि मदद के बजाय उन्हें अलग-अलग फोन नंबरों पर संपर्क करने के लिए कहा जाता रहा, जिससे तत्काल रेस्क्यू नहीं हो सका।

परिवार का दावा है कि करीब दो घंटे तक सहायता नहीं मिलने पर उन्होंने स्वयं जोखिम उठाकर अजगर को काबू किया। काफी मशक्कत के बाद उसे बोरी में बंद कर सुरक्षित रखा गया और पूरी रात दहशत के बीच बिताई।

परिजनों के अनुसार, सुबह दोबारा सूचना देने पर लगभग 9:30 बजे वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बोरी में बंद अजगर को अपने साथ ले गई।

सर्वेश अवस्थी ने यह भी आरोप लगाया कि वन विभाग की ओर से घटना के संबंध में जारी जानकारी वास्तविक घटनाक्रम से अलग है। उनका कहना है कि विभाग ने रात में ही रेस्क्यू होने का दावा किया, जबकि उनके पास मौजूद वीडियो के अनुसार अजगर को परिवार ने स्वयं काबू किया था।

इस संबंध में वन विभाग का आधिकारिक पक्ष समाचार लिखे जाने तक उपलब्ध नहीं हो सका।

नोट: यह समाचार पीड़ित परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़


Post a Comment

0 Comments