Breaking News

आश्रम पद्धति व कस्तूरबा विद्यालयों में निजी स्कूलों की तर्ज पर लागू होगी हाउस प्रणाली, छात्रों को वितरित की गई टी-शर्ट

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️

बलरामपुर, 25 जुलाई। जनपद के आश्रम पद्धति विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत अब इन सभी सरकारी आवासीय विद्यालयों में निजी विद्यालयों की तर्ज पर हाउस प्रणाली लागू की गई है।

नई व्यवस्था के अंतर्गत सभी छात्र-छात्राओं को अलग-अलग हाउस में विभाजित किया गया है। साथ ही पूरे शैक्षणिक वर्ष के लिए ईयर-लॉन्ग एकेडमिक कैलेंडर तैयार किया गया है, जिसके आधार पर वर्षभर सांस्कृतिक, खेलकूद एवं विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन द्वारा आश्रम पद्धति विद्यालयों के सभी छात्रों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राओं को उनके संबंधित हाउस के अनुसार नि:शुल्क टी-शर्ट वितरित की गई हैं।

जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आत्मविश्वास का विकास होगा तथा विद्यालयों में पठन-पाठन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

नोट: यह समाचार जिला प्रशासन, बलरामपुर द्वारा उपलब्ध कराई गई आधिकारिक जानकारी पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments