ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️
बलरामपुर, 25 जुलाई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने शनिवार को विकास खंड बलरामपुर के छितौनी आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (VHSND) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य कर्मियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एएनएम अंजली सिंह द्वारा 10 बच्चों एवं 4 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच एवं एएनसी सेवाएं प्रदान की गईं। साथ ही 3 किशोर एवं किशोरियों की स्वास्थ्य संबंधी काउंसलिंग भी की गई। कार्यक्रम में आशा अन्नपूर्णा देवी, डॉ. जावेद, डॉ. श्याम जी श्रीवास्तव सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने पीएम श्री विद्यालय धुशाह में आयोजित एनिमल बाइट (पशु काटने) से बचाव एवं जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को कुत्ते, बंदर अथवा अन्य जानवरों के काटने पर तत्काल प्राथमिक उपचार करने, घाव को साबुन एवं बहते पानी से अच्छी तरह धोने तथा समय पर एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवाने के महत्व की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. श्याम जी श्रीवास्तव ने बच्चों को घाव की सही तरीके से सफाई एवं प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक प्रदर्शन (डेमो) भी कराया, जिससे छात्र-छात्राओं को एनिमल बाइट से बचाव के उपायों की जानकारी मिली।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने कहा कि जन-जागरूकता ही रेबीज जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि किसी भी जानवर के काटने या खरोंच लगने की स्थिति में इसे नजरअंदाज न करें, बल्कि तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्राप्त करें।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, विद्यालय के शिक्षक तथा अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।
नोट: यह समाचार स्वास्थ्य विभाग, बलरामपुर द्वारा उपलब्ध कराई गई आधिकारिक जानकारी पर आधारित है।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
उन्नाव
0 Comments