Breaking News

प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने विकास कार्यों की समीक्षा की, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर दिया जोर

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 24 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, नगर आयुक्त सौम्य गुरुरानी, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, विधायक चेतराम, अरविंद कुमार सिंह, हरि प्रकाश वर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में शाहजहांपुर जनपद पिछले माह प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा। उन्होंने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर लाइट योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, मनरेगा, सड़क निर्माण, 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवा, दिव्यांग पेंशन, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), कन्या सुमंगला योजना, प्रोजेक्ट अलंकार सहित कई योजनाओं में जनपद को ग्रेड 'ए' प्राप्त हुआ है।

बैठक में जननी सुरक्षा योजना और आईसीडीएस पोषण अभियान में ग्रेड 'बी' मिलने पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागों को प्रदर्शन में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि कोई भी बच्चा आर्थिक कारणों से शिक्षा से वंचित न रहे तथा पात्र विद्यार्थियों को समय पर जूते, मोजे, पुस्तकें, ड्रेस एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी रोजगार योजना की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र युवाओं को स्वरोजगार के लिए अधिकतम पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण तथा 10 प्रतिशत मार्जिन मनी का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।

राजस्व वसूली की समीक्षा में स्टांप एवं पंजीकरण, आबकारी, वाणिज्य कर, परिवहन, विद्युत, वन एवं खनन विभागों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की गई। वहीं पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम मिले हैं तथा हत्या, दुष्कर्म, लूट, डकैती, गो-तस्करी एवं अवैध धर्मांतरण से संबंधित मामलों में कमी दर्ज की गई है।

बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने भूमि विवाद, विद्युत आपूर्ति, खराब ट्रांसफॉर्मर जैसी समस्याओं के समयबद्ध समाधान पर जोर दिया। साथ ही संभावित बाढ़ एवं डेंगू जैसी संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने प्रभारी मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का प्रभावी अनुपालन कराया जाएगा तथा शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

नोट: यह समाचार जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments