Breaking News

मृत मामा के मकान पर कब्जे के प्रयास का आरोप, महिला ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छोटा ककरा निवासी एक महिला ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मृत मामा के मकान पर अवैध कब्जे के प्रयास, रंगदारी मांगने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, रीता पत्नी राजेश ने बताया कि उनके सगे मामा रामअवतार का 17 नवंबर 2025 को निधन हो गया था। वह अविवाहित थे तथा उनके कोई अन्य वारिस नहीं थे। अंतिम संस्कार एवं अन्य क्रियाकर्म के बाद उन्होंने और उनके भाइयों ने मकान की साफ-सफाई कर उसमें ताला लगा दिया था।

महिला का आरोप है कि बाद में मोहल्ले के कुछ लोगों ने मकान पर अपना ताला डालकर कब्जा करने का प्रयास किया। जब 19 जून 2026 को इसका विरोध किया गया तो आरोपितों ने फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपित 7 लाख 50 हजार रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं और रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं।

महिला का कहना है कि इस संबंध में पहले भी कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मृतक के मकान से अवैध ताला हटवाने, आरोपितों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

नोट: यह समाचार पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में पुलिस अथवा दूसरे पक्ष का आधिकारिक पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments