Breaking News

परिवार परामर्श केंद्र में सुलझा दंपति का विवाद, आपसी सहमति से साथ रहने का लिया निर्णय

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश

शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में आयोजित काउंसलिंग के दौरान 20 प्रकरणों की सुनवाई की गई। इनमें से एक दंपति ने आपसी सहमति से अपने मतभेद समाप्त कर दोबारा साथ रहने का निर्णय लिया।

परिवार परामर्श केंद्र में थाना निगोही क्षेत्र के एक दंपति का मामला प्रस्तुत किया गया, जिनका विवाह लगभग दो वर्ष पूर्व हुआ था। दंपति का छह माह का एक पुत्र भी है। पत्नी पिछले करीब दो माह से अपने मायके में रह रही थी। परामर्श के दौरान महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति अपनी मां और बहन के कहने पर उसे कम दहेज लाने के ताने देता है, जिससे दोनों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया था।

वहीं पति का कहना था कि उसकी पत्नी उसकी मां और बहन से विवाद करती है तथा उसे लेने जाने पर भी मायके से वापस नहीं आती। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद परिवार परामर्श केंद्र में विस्तृत काउंसलिंग कराई गई और आपसी संवाद के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया।

परामर्श के उपरांत दोनों पक्ष आपसी सहमति से समझौते पर राजी हो गए और साथ रहने का निर्णय लिया। इसके बाद दंपति को परिवार परामर्श केंद्र से सकुशल विदा किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र महिला उपनिरीक्षक मधु यादव, महिला परामर्शदाता हिमांशु श्रीवास्तव, महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी मोनिका कुमारी, नेहा चौहान, शीतल चौहान, रश्मि चौधरी, पिंकी, निशा मिश्रा तथा आरक्षी रिंकू सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments