Breaking News

कांवड़ मार्ग पर खाद्य विभाग का सघन अभियान, ढाबों व रेस्टोरेंटों को दिए स्वच्छता के निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश

शाहजहांपुर। कांवड़ यात्रा एवं धार्मिक आयोजनों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को कांवड़ मार्गों पर स्थित ढाबों, होटलों, रेस्टोरेंटों तथा खाद्य एवं पेय पदार्थों की दुकानों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान जिलाधिकारी एवं सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 के निर्देश पर संचालित किया गया।

निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों पर खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीकरण, रेट लिस्ट तथा 'फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप' का क्यूआर कोड एवं टोल फ्री नंबर प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए गए। खाद्य कारोबारियों को केवल ताजा भोजन, ताजी सब्जियों एवं सीलबंद मसालों का उपयोग करने, बासी भोजन का विक्रय न करने तथा खाद्य पदार्थों में अमानक रंग एवं खुले मसालों के प्रयोग से बचने के निर्देश दिए गए। साथ ही कटे एवं सड़े-गले फलों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश भी दिए गए।

विभागीय टीमों ने बरेली मोड़, जिला अस्पताल, गर्रा पुल, पक्का पुल, दलेलगंज, चार खंभा, केरूगंज चौराहा, पुत्तूलाल चौराहा, हथौड़ा चौराहा, मोहम्मदी रोड, बेरी चौकी, अंटा चौराहा, जेल रोड, खिरनी बाग, लोधीपुर तथा अन्य प्रमुख कांवड़ मार्गों पर स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों को मूल्य सूची प्रदर्शित करने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा चाट-पकौड़ी के ठेलों पर स्वच्छता के विशेष मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, मानवेन्द्र कुमार, वरुण कुमार, सौरभ सोनी, अजीत कुमार, मनोज कुमार एवं डॉ. विवेक कुमार वर्मा शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments