स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश
शाहजहांपुर। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से संचालित एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत शुक्रवार को जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, घूरन तलैया में आयोजित टीकाकरण शिविर का फीता काटकर शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित एवं प्रभावी है। उन्होंने जनपद के सभी अभिभावकों से अपील की कि 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की सभी बालिकाओं का समय पर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि जनपद में अब तक 8,032 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह अभियान सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने यह भी बताया कि पहले यह वैक्सीन केवल निजी अस्पतालों में उपलब्ध थी, जबकि अब जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर यह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने अभिभावकों से सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध इस सुविधा का लाभ उठाते हुए पात्र बालिकाओं का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की।
टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में डॉ. रोशनी सक्सेना, एएनएम सलोनी मिश्रा, एएनएम ममता देवी तथा एएनएम नेहा शुक्ला ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.पी. श्रीवास्तव, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद आसिफ तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की डॉ. आकांक्षा यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments