Breaking News

जन्मदिन पर ‘माँ के नाम रक्तदान’ अभियान की शुरुआत, युवाओं से किया रक्तदान का आह्वान

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश

शाहजहांपुर। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, शाहजहांपुर के आजीवन सदस्य अग्रज जौहरी ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर शासकीय मेडिकल कॉलेज के रक्तकोष विभाग में स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने ‘माँ ने दिया जीवनदान, हम दें रक्तदान’ जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ करते हुए युवाओं से अपने जन्मदिवस पर रक्तदान करने की अपील की।

रक्तदान के बाद अग्रज जौहरी ने अपना रक्तदान प्रमाण-पत्र रक्तकोष विभाग के अध्यक्ष डॉ. जीतू राज सिंह को सौंपते हुए कहा कि यदि उनका रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचाने में सहायक हो सके, तो यही उनके जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार होगा।

इस अवसर पर रक्तकोष विभाग के अध्यक्ष डॉ. जीतू राज सिंह ने कहा कि “जन्मदिन पर ‘माँ के नाम रक्तदान’ सबसे सुंदर उपहार और सच्चा सम्मान है।”


इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की जनपद शाखा के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि जन्मदिन केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्व निभाने का भी श्रेष्ठ माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक माँ गर्भावस्था और प्रसव के दौरान अनेक कष्ट सहकर संतान को जीवन देती है, उसी त्याग और ममता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का सबसे सार्थक तरीका जन्मदिवस पर स्वैच्छिक रक्तदान का संकल्प हो सकता है।

उन्होंने बताया कि एक यूनिट रक्त कई मरीजों के उपचार में उपयोगी होता है तथा दुर्घटना, शल्य चिकित्सा, प्रसूति, थैलेसीमिया और अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होता है। यदि प्रत्येक स्वस्थ युवा अपने जन्मदिन पर रक्तदान करने का संकल्प ले, तो रक्त की कमी की समस्या काफी हद तक दूर की जा सकती है।

डॉ. विजय जौहरी ने युवाओं से रेड क्रॉस के ‘जन्मदिवस पर रक्तदान–जीवनदान’ अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि रक्तदान केवल रक्त का दान नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति के जीवन में नई उम्मीद जगाने का सबसे बड़ा माध्यम है।

कार्यक्रम के दौरान रक्तकोष विभाग के चिकित्सकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अग्रज जौहरी को जन्मदिन की शुभकामनाएँ देते हुए उनके इस सामाजिक कार्य की सराहना की।

Post a Comment

0 Comments