ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। जनपद पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया सीएनजी ऑटो रिक्शा बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को वादी रामपाल पुत्र नानबच्चा उर्फ वचन, निवासी शेखापुरवा, जनपद गोंडा ने थाना कोतवाली उतरौला में शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 जुलाई को ग्राम जोगीवीर क्षेत्र से उनका सीएनजी ऑटो रिक्शा (UP43CT7096) अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। इस संबंध में थाना उतरौला पर मु0अ0सं0 093/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार राज के नेतृत्व में गठित टीम मामले की जांच में जुटी थी।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक प्रशान्त कुमार मिश्र अपनी टीम के साथ बभनी बुजुर्ग प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंचे, जहां संदिग्ध सीएनजी ऑटो को रोककर जांच की गई। वाहन की नंबर प्लेट काले प्लास्टिक से ढकी हुई थी। प्लास्टिक हटाने पर वाहन का नंबर UP43CT7096 पाया गया, जो चोरी हुए ऑटो से मेल खाता था।
पुलिस ने चालक रहमान अहमद पुत्र एजाज अहमद, निवासी जवाहर नगर, कस्बा मनकापुर, जनपद गोंडा को गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह घटना के दिन ऑटो में सवारी बनकर बैठा था। ग्राम जोगीवीर के पास चालक वाहन में चाबी छोड़कर शौच के लिए गया, तभी उसने मौका पाकर ऑटो चोरी कर लिया। इसके बाद वह कई दिनों तक वाहन को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखता रहा। उसे लगा कि अब पुलिस उसे नहीं पकड़ पाएगी, इसलिए वह ऑटो लेकर अपने घर की ओर जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments