Breaking News

टीबी मुक्त भारत अभियान को डिजिटल प्लेटफॉर्म से मिलेगी नई गति, 'टीबी मुक्त भारत ऐप' अपनाने की अपील

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️

बलरामपुर, 31 जुलाई। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी मुक्त भारत अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 'टीबी मुक्त भारत ऐप' का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का उद्देश्य टीबी से संबंधित सेवाओं, उपचार और जागरूकता को आम नागरिकों तक आसानी से पहुंचाना है, ताकि वर्ष 2027 तक भारत को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को गति मिल सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग टीबी मुक्त भारत ऐप डाउनलोड कर इस जनआंदोलन का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से टीबी मरीजों को समय पर परामर्श, उपचार संबंधी जानकारी और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में यह ऐप महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही आम नागरिक भी टीबी उन्मूलन अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगे।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि यह ऐप टीबी रोगियों, उनके परिजनों तथा आम नागरिकों के लिए एक उपयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसके माध्यम से टीबी के लक्षण, जांच, उपचार प्रक्रिया, जागरूकता सामग्री और अन्य आवश्यक जानकारियां एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, नियमित उपचार और जनसहयोग से ही टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने बताया कि जनपद में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ऐप के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से लोगों को ऐप डाउनलोड करने और इसके उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

सीएमओ ने अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, लगातार बुखार, वजन कम होना या रात में अधिक पसीना आने जैसे लक्षण दिखाई दें तो वह निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर निःशुल्क टीबी जांच कराएं। उन्होंने सभी नागरिकों से टीबी मुक्त भारत ऐप से जुड़कर टीबी मुक्त बलरामपुर और टीबी मुक्त भारत के संकल्प को सफल बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।

Post a Comment

0 Comments