ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर, 03 अगस्त। जनपद बलरामपुर के कोतवाली देहात क्षेत्र में पत्नी और दो नाबालिग बच्चों की हत्या के बाद आत्महत्या की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मामले में नामजद आरोपी चन्द्रभान गिरी उर्फ दद्दन गिरी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को झौहना गोसाईपुरवा निवासी राजेश गिरी ने थाना कोतवाली देहात में तहरीर देकर बताया कि उनके भाई बजरंगी गिरी ने चन्द्रभान गिरी को करीब 29 लाख रुपये उधार दिए थे। बार-बार मांगने के बावजूद रकम वापस नहीं मिलने से बजरंगी मानसिक रूप से परेशान था। आरोप है कि इसी तनाव के चलते उसने अपनी पत्नी कोमल (25 वर्ष), बेटी श्रद्धा (3 वर्ष) और पुत्र जयदीप (1 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी और बाद में स्वयं भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस ने एक 12 बोर का अवैध तमंचा, दो .315 बोर के अवैध तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस तथा अन्य साक्ष्य बरामद किए। मृतक के मोबाइल फोन से एक वीडियो भी मिला, जिसमें उसने घटना से पहले कथित रूप से चन्द्रभान गिरी द्वारा रुपये वापस न करने को इस कदम के लिए जिम्मेदार बताया था।
प्रकरण में थाना कोतवाली देहात पर मु0अ0सं0 314/2026, धारा 108 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने 03 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर कोडरी घाट के पास से आरोपी चन्द्रभान गिरी उर्फ दद्दन गिरी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी और मृतक बजरंगी गिरी की आपस में मित्रता थी तथा दोनों के बीच पैसों का लेन-देन होता था। उसने स्वीकार किया कि बजरंगी ने उसे 29 लाख रुपये दिए थे, लेकिन व्यापार में पैसा खर्च हो जाने के कारण वह समय पर रकम वापस नहीं कर सका। आरोपी के अनुसार, लगातार रुपये मांगने से बजरंगी परेशान था।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की विवेचना एवं अन्य विधिक कार्रवाई जारी है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments