Breaking News

गौतम मौर्य हत्याकांड: सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचें, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य – शाहजहाँपुर पुलिस

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। थाना कांट क्षेत्र में 31 जुलाई 2026 को हुई गौतम मौर्य हत्याकांड के संबंध में सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही भ्रामक, तथ्यहीन एवं भड़काऊ पोस्टों का शाहजहाँपुर पुलिस ने खंडन किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर लगातार निगरानी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मामले में वादी की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नामजद मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। 1 अगस्त 2026 को हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल की बरामदगी के दौरान अभियुक्त ने पुलिस टीम पर हमला कर भागने का प्रयास किया, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में अभियुक्त के पैर में गोली लगी। उपचार के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।

इसके बाद विवेचना के दौरान प्रकाश में आए अन्य तीन अभियुक्तों को भी 2 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आवश्यक विवेचनात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई जारी है।

शाहजहाँपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी भ्रामक, असत्य या भड़काऊ पोस्ट, वीडियो अथवा संदेश पर विश्वास न करें और न ही उसे साझा करें। केवल पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं को ही प्रमाणिक मानें।

पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों एवं अकाउंट्स की लगातार निगरानी की जा रही है। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी संदिग्ध या भ्रामक सूचना की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा डायल-112 पर देने की अपील की गई है।

Post a Comment

0 Comments