Breaking News

स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री के वर्चुअल संवाद का हुआ सजीव प्रसारण, युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 02 अगस्त 2026। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के तहत भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के युवाओं के साथ वर्चुअल संवाद का नवीन सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पुष्पेन्द्र बहादुर सिंह के संरक्षण एवं निर्देशन में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों तथा आर्य महिला पीजी कॉलेज, शाहजहाँपुर की एनएसएस इकाई ने अपने कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. पारुल यादव एवं डॉ. अनुराधा के नेतृत्व में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित युवाओं ने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संदेश को गंभीरता से सुना और नशामुक्त भारत तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर लेफ्टिनेंट आलोक सिंह, डॉ. देवेंद्र सिंह, डॉ. श्रीकांत मिश्र, डॉ. कविता भटनागर, डॉ. सुजीत कुमार, डॉ. मृदुल पटेल, डॉ. दीपक दीक्षित सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक प्रमोद कुमार यादव ने सभी छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवकों एवं एनसीसी कैडेट्स को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान करते हुए कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं आर्य महिला पीजी कॉलेज की एनएसएस इकाई का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण, युवा सशक्तिकरण और "नशा मुक्त युवा – विकसित भारत" के संकल्प को दोहराने के साथ हुआ।

Post a Comment

0 Comments