स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 03 अगस्त 2026। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान थाना कलान क्षेत्र के पटना देवकली मंदिर में उमड़ी भारी भीड़ के बीच अपने परिजनों से बिछड़ी दो मासूम बच्चियों को थाना कलान पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सकुशल उनके परिवारों से मिला दिया।
पहले मामले में शिवानी (8 वर्ष) पुत्री रामसरन, निवासी ग्राम धक दिउरा, थाना अल्लापुर, जनपद बदायूँ, अपनी माता के साथ जलाभिषेक एवं दर्शन के लिए मंदिर आई थी। भीड़ के दौरान वह परिजनों से बिछड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस सहायता केंद्र पर तैनात महिला कांस्टेबल वंदना (थाना परौर) ने तत्काल खोजबीन कर बच्ची को सुरक्षित उसकी माता मानवती के सुपुर्द कर दिया।
दूसरे मामले में आरूशी (4 वर्ष) पुत्री राजेश, निवासी कस्बा एवं थाना कलान, भी अपनी माता के साथ मंदिर आई थी और भीड़ में बिछड़ गई। सूचना मिलते ही महिला उपनिरीक्षक काजल पंवार एवं उपनिरीक्षक प्रदीप रावत ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सकुशल खोज निकाला और उसके परिजनों के हवाले कर दिया।
दोनों बच्चियों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और थाना कलान पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता एवं मानवीय कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए शाहजहाँपुर पुलिस लगातार सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही है।
