स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 03 अगस्त 2026। शाहजहाँपुर पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना पुवायाँ क्षेत्र में नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया है।
पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी पुवायाँ के पर्यवेक्षण में थाना पुवायाँ पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 03 अगस्त 2026 को दोपहर 1:05 बजे बड़ागांव अंडरपास के नीचे से बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को पीड़िता की मां ने थाना पुवायाँ में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री को शादी करने की नीयत से बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। शिकायत के आधार पर थाना पुवायाँ में मु0अ0सं0 441/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धाराओं में संशोधन करते हुए धारा 137(2), 87, 65(1) बीएनएस तथा 5(l)/6 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अभिरक्षा में लेने वाली पुलिस टीम:
- उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार
- कांस्टेबल पूरनपाल
नोट: चूंकि इस मामले में एक बाल अपचारी और नाबालिग पीड़िता शामिल हैं, इसलिए किशोर न्याय अधिनियम एवं कानूनी प्रावधानों के अनुसार उनकी पहचान गोपनीय रखी गई है।
