ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। स्वतंत्रता दिवस को परंपरागत, गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए सभी विभागों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण करने का पावन अवसर है। इसलिए सभी कार्यक्रम अनुशासित, गरिमामय एवं जनसहभागिता के साथ आयोजित किए जाएं।
बैठक में तय किया गया कि 15 अगस्त को सुबह 6:30 बजे जनपद के विभिन्न इंटर कॉलेजों से प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। सुबह 7:00 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम से दौड़ प्रतियोगिता होगी, जबकि सुबह 8:00 बजे सभी सरकारी एवं अर्धसरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ अमर शहीदों के विचारों पर गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।
सुबह 9:00 बजे विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, शहीदों के जीवन पर विचार गोष्ठी तथा वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। सुबह 10:00 बजे विकास भवन से विभिन्न विभागों की विकासपरक झांकियां निकाली जाएंगी तथा नगर पालिका बलरामपुर में विशेष पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित होगी।
इसके अलावा सुबह 11:00 बजे जिला चिकित्सालयों में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। दोपहर 3:00 बजे मलिन बस्तियों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। सायं 4:00 बजे एमएलके पीजी कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा शाम को देशभक्ति से ओतप्रोत कवि गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने "स्वच्छता से राष्ट्रभक्ति" का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस से पहले सभी सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं शहीद स्मारकों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। कार्यालयों की रंगाई-पुताई, साफ-सफाई और आकर्षक विद्युत सज्जा समय से पूरी कराई जाए।
उन्होंने कहा कि बच्चों में स्वच्छता के संस्कार विद्यालय से ही विकसित होते हैं, इसलिए सभी प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति राय, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शिव नारायण सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी, पत्रकारगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments