ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री, खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा की अध्यक्षता में जनपदीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के जनप्रतिनिधियों के साथ जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने जनपद में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी लेते हुए विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए संबंधित विभागीय अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ निर्धारित समयसीमा में उपलब्ध कराएं।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत विषयों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की शिकायतों और समस्याओं का निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। जनशिकायतों को लंबित रखने के बजाय उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। साथ ही शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी, विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम, विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, विधायक उतरौला राम प्रताप वर्मा, निवर्तमान विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू, नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह 'धीरू', भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
