चालान से बचने के लिए निजी कार पर लगाया पुलिस का लोगो, डैशबोर्ड पर रखी टोपी

कर्नलगंज पुलिस ने वाहन चालक को पकड़ा, मोटर वाहन अधिनियम के तहत किया चालान

ब्यूरो रिपोर्ट आमिर मिर्ज़ा ✍️

प्रयागराज। यातायात नियमों का उल्लंघन करने और पुलिस की चालान कार्रवाई से बचने के लिए निजी कार पर पुलिस का लोगो लगाने तथा डैशबोर्ड पर पुलिस की टोपी रखने वाले वाहन चालक की तरकीब कर्नलगंज पुलिस के सामने काम नहीं आई। पुलिस ने गलत लेन में कार चलाते समय चालक को रोककर जांच की तो वाहन पर पुलिस और डॉक्टर से संबंधित प्रतीक चिह्न लगे मिले। मामले में पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत चालान की कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, बुधवार 25 नवंबर को थाना कर्नलगंज पुलिस की टीम पुलिस क्लब तिराहा, कचहरी रोड के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गहरे नीले रंग की मारुति कार संख्या UP70 HS 0416 गलत लेन में आती दिखाई दी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने कार को रोककर जांच की।

जांच के दौरान कार पर पुलिस का लोगो लगा हुआ मिला। वहीं, डैशबोर्ड पर पुलिस की टोपी (पी-कैप) रखी हुई थी। वाहन के पिछले हिस्से पर डॉक्टर का लोगो और अंग्रेजी में ‘DOCTOR’ भी लिखा हुआ था। कार पर लगे इन प्रतीक चिह्नों को देखकर पुलिस ने चालक से पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, चालक की पहचान मनोज कुमार यादव पुत्र लाल बहादुर यादव, निवासी ग्राम हरदी, थाना बारा, प्रयागराज के रूप में हुई। पूछताछ में चालक पुलिस अथवा स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत होने का कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस के अनुसार, चालक ने बताया कि वह चालान की कार्रवाई से बचने के लिए अपनी निजी कार पर पुलिस और डॉक्टर से संबंधित प्रतीक चिह्न लगाकर चलता था। इसके साथ ही उसने पुलिस की टोपी भी डैशबोर्ड पर रख रखी थी, ताकि वाहन को देखकर पुलिसकर्मी उसे सरकारी विभाग से जुड़ा समझें।

मामले का खुलासा होने के बाद कर्नलगंज पुलिस ने वाहन के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार चालान की कार्रवाई की।

प्रयागराज पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पुलिस या किसी अन्य सरकारी विभाग में कार्यरत नहीं होने की स्थिति में अपने निजी वाहनों पर संबंधित विभाग के लोगो, प्रतीक चिह्न अथवा पहचान प्रदर्शित करने वाली सामग्री का अनधिकृत इस्तेमाल न करें। साथ ही सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और गलत दिशा में वाहन न चलाने की अपील की गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Previous Post Next Post